हाल ही में बीजू जनता दल की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने वाले छह बार के सांसद भर्तृहरि महताब गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इसके अलावा, बीजद के पूर्व सांसद सिद्धांत महापात्र और प्रसिद्ध साहित्यकार दमयंती बेसरा भी दिल्ली पार्टी मुख्यालय में भाजपा का दामन थामा है।
भर्तृहरि आज नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में औपचारिक रूप से भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने 22 मार्च को ओडिशा सत्तारूढ़ पार्टी बीजद को बाय-बाय कर दिया था। उस समय अटकलें लगाई जा रही थीं कि महताब भाजपा में शामिल होंगे।
ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री हरेकृष्ण महताब के बेटे, भर्तृहरि 1998 से कटक संसदीय सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वह 2014 से 2019 तक लोकसभा में बीजद के फ्लोर लीडर भी रहे।
वह 1998, 1999, 2004, 2009, 2014 और 2019 में लगातार छह बार सांसद के रूप में विजयी हुए।
भर्तृहरि महताब को 2017 में प्रतिष्ठित उत्कृष्ट सांसद पुरस्कार मिला। उन्हें 2017, 2018, 2019 और 2020 में संसद रत्न पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया।
भर्तृहरि वर्तमान में श्रम, कपड़ा और कौशल विकास पर संसद की स्थायी समिति के अध्यक्ष हैं। वह संसद की राजभाषा समिति के उपाध्यक्ष और लोक लेखा समिति के सदस्य भी हैं।
भर्तृहरि ने पार्टी छोड़ने के बाद कहा था कि बीजेडी के साथ अपना संबंध तोड़ने का मेरा निर्णय कठोर हो सकता है लेकिन इससे मुझे बहुत राहत मिली है। ऐसा इसलिए क्योंकि मैं एक तरह के दर्द के साथ जी रहा था। जब यह असहनीय हो गया तो मैंने यह निर्णय लिया।