आसमानी बिजली की चपेट में आने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत

  • May 27, 2026
Khabar East:Two-people-burnt-alive-after-being-hit-by-lightning
खगड़िया,27 मईः

बिहार के खगड़िया जिले से एक बेहद ही दर्दनाक और दिल दहला देने वाले हादसे की खबर सामने आई है। जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रहीमपुर दक्षिणी पंचायत के मथार दियारा गांव में मंगलवार देर रात को दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। दरअसल गंगा नदी के किनारे दो बुजुर्ग किसान अपने खेत की रखवाली कर रहे थे, तभी अचानक ठनका गिरने से दोनों की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, वार्ड संख्या 7 के निवासी 63 वर्षीय किसान गोरख यादव और 60 वर्षीय किसान सापो यादव रोजाना की तरह अपने खेत में लगे परवल की रखवाली करने के लिए गए हुए थे। देर रात को अचानक तेज आंधी, बादलों की गर्जन और तेज बारिश शुरू हो गई। इस तेज बारिश से खुद का बचाव करने के लिए दोनों बुजुर्ग किसान खेत के किनारे ही बनी झोपड़ी में चले गए।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान अचानक उस झोपड़ी पर तेज आवाज के साथ ठनका यानी आकाशीय बिजली गिर गई। ठनका गिरने के कारण उस झोपड़ी में तुरंत ही भीषण आग लग गई। झोपड़ी में आग लगने से दोनों बुजुर्ग किसान वहीं जिंदा जल गए और दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

 अगली सुबह जब ग्रामीण रोजाना की तरह अपने खेत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि वह झोपड़ी पूरी तरह से जली हुई है और अंदर दोनों किसानों के शव आपस में चिपके हुए पड़े हैं। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों को सूचना दी जिसके बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान की। इस घटना की जानकारी मिलते ही गंगा किनारे लोगों की भारी भीड़ जुट गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: