झारखंड के पर्यटन स्थलों को देश में नंबर वन बनाएंगेः हेमंत सोरेन

  • Feb 20, 2020
Khabar East:Will-make-Jharkhand-tourism-destinations-number-one-in-the-country-Hemant-Soren
चतरा,20 फरवरीः

मुख्यमंत्री हेमंत सोरन ने कहा कि खनिज संपदा के मामले में पूरे देश में झारखंड की अलग पहचान है। वहीं धार्मिक व पर्यटन स्थलों के मामले में भी प्रदेश की अलग महत्ता है। सरकार पर्यटन स्थलों को व्यापक स्तर पर विकसित करेगी और देश में नंबर वन बनाएगी। सीएम ने बौधगया से कौलेश्वरी होते हुए इटखोरी तक की कनेक्टीविटी को और बेहतर बनाने का भी ऐलान किया और कहा कि राज्यवासियों की खुशहाली और विकास के लिए सरकार पूरी तरह गंभीर है। सीएम तीन दिवसीय इटखोरी महोत्सव  का उद्घाटन करने चतरा पहुंचे थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने तीन धर्मों की संगमस्थली इटखोरी के भद्रकाली परिसर में राजकीय इटखोरी महोत्सव का उद्घाटन किया। उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री ने मां भद्रकाली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। वर्ष 2016 में राज्य सरकार ने इटखोरी महोत्सव को राजकीय महोत्सव का दर्जा दिया था। 19 से 21 फरवरी तक चलने वाले इस महोत्सव के दौरान देश के जाने-माने कलाकार गीत व संगीत पेश करेंगे। पहले दिन बुधवार को स्थानीय कलाकार ने प्रस्तुति दी।

  वहीं दूसरे दिन 20 फरवरी को दिल्ली के मशहूर दिव्यांग ग्रुप वीआरवन के कलाकार व्हील चेयर पर अपनी प्रस्तुति देंगे। रात आठ बजे से मशहूर सूफी गायिका ममता जोशी श्रोताओं को झुमाएंगी। नौ बजे से बॉलीवुड सिंगर विनोद राठौर लोगों का मनोरंजन करेंगे। महोत्सव के तीसरे दिन देश के मशहूर बैंड अंडर ग्राउंड आथॉरिटी की ओर से प्रस्तुति दी जाएगी। रात नौ बजे से बॉलीवुड की मशहूर सिंगर ऋचा शर्मा अपनी गायकी से श्रोताओं को झुमाएंगी। रंगारंग कार्यक्रम शाम पांच बजे से देर रात चलेगा।

Author Image

Khabar East

  • Tags: