बाढ़ की स्थिति पर सीएम माझी ने की समीक्षा बैठक

  • Jul 29, 2026
Khabar East:CM-Majhi-Reviews-Flood-Situation-Says-Govt-Monitoring-Every-Minute
भुवनेश्वर,29 जुलाईः

ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा है कि राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश और बाढ़ की स्थिति के बीच प्रत्येक नागरिक का जीवन और सुरक्षा उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि वह स्वयं और उनकी सरकार बाढ़ की स्थिति पर हर मिनट सीधे नजर रखे हुए हैं। उन्होंने बताया कि मुख्य सचिव और विशेष राहत आयुक्त (SRC) के साथ मौजूदा हालात और राहत उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई है। साथ ही, प्रभावित क्षेत्रों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरे प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

 लोगों से घबराने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी आप सभी से अपील है कि घबराएं या डरें नहीं। हम हर कदम पर आपके साथ खड़े हैं। प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।

 बाढ़ प्रभावित जिलों में राहत और बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाने के लिए राज्य सरकार ने तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को विशेष जिम्मेदारी सौंपी है। ये अधिकारी बालेश्वर, भद्रक और जाजपुर जिलों में बाढ़ प्रबंधन, लोगों की सुरक्षित निकासी और राहत कार्यों की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे।

 मुख्यमंत्री ने विशेष राहत आयुक्त (SRC) कार्यालय और राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र को 24 घंटे सातों दिन (24×7) खुला रखने का भी निर्देश दिया है, ताकि जलस्तर और समग्र स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।

 इसके अलावा, बचाव और निकासी दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। एनडीआरएफ (NDRF), ओड्राफ (ODRAF), अग्निशमन सेवा और पुलिस बल निचले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

 सरकार ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सभी बाढ़ आश्रय स्थलों पर सुरक्षित पेयजल, पका हुआ भोजन, आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं, सर्पदंश रोधी (एंटी-वेनम) इंजेक्शन तथा पशुओं के लिए पर्याप्त चारे जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

 बाढ़ आश्रय स्थलों में पहुंचे लोगों की संपत्ति की सुरक्षा के लिए पुलिस को प्रभावित गांवों में रात के समय गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

 मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया है कि बाढ़ से जिन लोगों के घर और कृषि भूमि को नुकसान पहुंचा है, उन्हें तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।

 उल्लेखनीय है कि लगातार हो रही बारिश के कारण ओडिशा के उत्तरी और पश्चिमी हिस्सों के कई क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। बैतरणी और सलांदी समेत कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं, जिसके बाद प्रशासन ने राहत और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: