शहर के टेल्को स्टेडियम भुवनेश्वरी मंदिर रोड पर शुक्रवार सुबह स्कूल बच्चों से भरी टाटा विंगर वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में वैन में सवार करीब 13 से 15 बच्चे घायल हो गए। इनमें से दो बच्चों और वैन चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,स्कूल वैन टेल्को स्टेडियम की ओर से चिन्मया स्कूल के बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। तभी अचानक वैन अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकराते हुए चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आस-पास मौजूद लोगों को आवाज धमाके जैसी सुनाई दी। दुर्घटना में वैन का निचला हिस्सा और चैंबर तक फट गया।
हादसे के तत्काल बाद वैन के अंदर बच्चों की चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। पास के फ्लैटों में रहने वाले लोग भी घटना की जानकारी मिलते ही नीचे आ गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायल बच्चों को वैन से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाने मे मदद की। कई बच्चों को चोटें आई हैं।