छत्तीसगढ़ में एक बार फिर ईडी का एक्शन देखने को मिला है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पूर्व निजी सचिव रहे केके चंद्रवंशी के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने छापा मारा है। मंगलवार की सुबह करीब छह बजे ईडी की टीम अचानक उनके आवास पर पहुंची, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में खलबली मच गई है। ईडी के करीब आठ अधिकारी दो गाड़ियों में सवार होकर सुबह छह बजे के आसपास केके चंद्रवंशी के पुरानी भिलाई स्थित निवास पर पहुंचे। टीम ने घर के अंदर दाखिल होकर दस्तावेजों की गहन जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सीआरपीएफ या स्थानीय सुरक्षा बल के जवानों को तैनात किया गया है। हालांकि, यह कार्रवाई किस मामले और किन शिकायतों के आधार पर की जा रही है, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
केके चंद्रवंशी के ठिकानों पर इस छापेमारी के बाद छत्तीसगढ़ की राजनीतिक सरगर्मी एक बार फिर तेज होने की पूरी संभावना है। विपक्षी दलों और कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाएं जल्द सामने आ सकती हैं, और पार्टी की ओर से विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिल सकते हैं। फिलहाल, ईडी की टीम घर के अंदर कागजातों की छानबीन में जुटी हुई है और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।