पलामू जिले में विगत 36 घंटे से बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। इसके चलते उत्तरी कोयल समेत कई छोटी बड़ी नदियां उफान पर है। पलामू प्रमंडल के मुख्यालय मेदिनीनगर के निचले इलाकों में एक बार फिर से पानी भर गया है। हुसैनाबाद इलाके में भी जनजीवन प्रभावित हुआ है। इस बीच, सोन नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है। सोन नदी की सहायक नदी उत्तरी कोयल भी उफान पर है। सोन नदी में बढ़ते जल स्तर को लेकर हाई अलर्ट जारी किया गया है। पलामू पुलिस के द्वारा तटवर्ती क्षेत्र में लगातार माइकिंग करवाई जा रही है और लोगों से नदी से दूर रहने का आग्रह किया जा रहा है। सोन के डीला पर रहने वाले लोगों को नदी जाने से मना किया गया है।
वहीं, सोन नदी के तटवर्ती गांवों में निगरानी रखी जा रही है। साथ ही, प्रशासन ने चेतावनी भी जारी की है। पलामू में सोन नदी हैदरनगर और हुसैनाबाद प्रखंड होते हुए बिहार के इलाके में दाखिल होती है। सोन नदी के बढ़ते जलस्तर से सोनपुरवा, देवरी खुर्द, देवरी कला, बुधुआ, बड़ेपुर और दंगवार समेत कई इलाके के लोग प्रभावित हुए हैं। इलाकों में जमीन का कटाव भी शुरू हो गया है।
हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी समीर अल्फ्रेड मुर्मू व अंचल पदाधिकारी पंकज कुमार ने लोगों से अपील की है कि जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी के बीच बने टीलों, निचले इलाकों और कटाव प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचें तथा किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं।
सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह ने कहा कि नॉर्थ कोयल समिट अन्य जलाशयों से करीब दो लाख क्यूसेक अतिरिक्त पानी सोन नदी में पहुंचा है, जिसके चलते जलस्तर में वृद्धि हुई है। हालात पर लगातार नजर रखा जा रहा है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। वहीं, हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी को बढ़ाया गया है। लगातार माइकिंग करवाई जा रही है।