ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बुधवार को राज्य के 14 जिलों में 39,383 करोड़ रुपये के निवेश वाली 53 औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। इन परियोजनाओं से करीब 42,000 लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।
जाजपुर जिले के कलिंगनगर औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित शिलान्यास एवं उद्घाटन समारोह में इन परियोजनाओं की शुरुआत की गई। इस अवसर पर उद्योग मंत्री संपद चंद्र स्वाईं और विभिन्न उद्योगों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। इन परियोजनाओं में 46 कंपनियां शामिल हैं।
इन परियोजनाओं में अनुगुल, बरगढ़, बालेश्वर, बौध, कटक, ढेंकानाल, जाजपुर, जगतसिंहपुर, केंदुझर, खुर्दा, मयूरभंज, पुरी, संबलपुर और सुंदरगढ़ जिले शामिल हैं।
परियोजनाएं इस्पात एवं धातु, रसायन, नवीकरणीय ऊर्जा, खाद्य प्रसंस्करण, जैव ईंधन, कपड़ा एवं परिधान, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं आईटी सेवाएं, लॉजिस्टिक्स, पर्यटन, आतिथ्य सेवाएं, औद्योगिक गैस, बुनियादी ढांचा, जहाज निर्माण, ऊर्जा भंडारण, स्वास्थ्य सेवा, रबर एवं प्लास्टिक तथा चक्रीय अर्थव्यवस्था जैसे विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि ये निवेश ओडिशा के औद्योगिक तंत्र को मजबूत करेंगे, विनिर्माण क्षमता का विस्तार करेंगे और विशेष रूप से युवाओं के साथ-साथ कुशल एवं अर्धकुशल श्रमिकों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।
उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से स्थानीय स्तर पर उत्पादों के मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) और उद्यमियों के लिए भी कारोबार के नए अवसर उपलब्ध होंगे।
माझी ने इन निवेशों को आत्मनिर्भर और समृद्ध ओडिशा के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ओडिशा को भारत के साथ-साथ वैश्विक स्तर पर एक प्रमुख विनिर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम कर रही है।
वहीं, इस दौरान पूर्व की बीजद सरकार पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार अब तक 116 औद्योगिक परियोजनाओं का शुभारंभ कर चुकी है, जबकि 35 अन्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा चुका है। इस तरह कुल परियोजनाओं की संख्या 151 हो गई है।
आधिकारिक बयान के अनुसार, इन सभी परियोजनाओं में कुल 3,11,722.46 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनसे करीब 2,40,697 रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है।