ओडिशा सरकार ने पर्यटन को बढ़ावा देने और क्षेत्र की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से संबलपुर जिले के रेढ़ाखोल स्थित भीमा मंडली इको-हेरिटेज पर्यटन स्थल के विकास के लिए 22 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश को मंजूरी दी है। संबलपुर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को इस मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से प्रधान ने कहा कि प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक महत्व के लिए प्रसिद्ध भीमा मंडली में ओडिशा के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होने की अपार संभावनाएं हैं।
प्रस्तावित परियोजना के तहत पर्यटकों के लिए कई सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इनमें इंटरप्रिटेशन सेंटर (सूचना एवं व्याख्या केंद्र), व्यू-पॉइंट, सौर ऊर्जा सुविधाएं और सार्वजनिक शौचालय शामिल हैं। इसके अलावा, इन सुविधाओं के उचित रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए पांच वर्षों तक रखरखाव की व्यवस्था भी की गई है।
धर्मेंद्र प्रधान ने इस पहल को समर्थन देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी तथा उपमुख्यमंत्री एवं पर्यटन मंत्री प्रवती परिडा के प्रति आभार जताया।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विकास कार्यों से पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और वे अधिक आरामदायक तरीके से भीमा मंडली की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद ले सकेंगे।
सांसद ने आगे कहा कि इस पहल से स्थानीय निवासियों और कारोबारियों के लिए रोजगार एवं व्यवसाय के नए अवसर पैदा होंगे। साथ ही, आने वाली पीढ़ियों के लिए क्षेत्र की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी मदद मिलेगी।
प्रधान ने अपनी पोस्ट में कहा कि इस तरह की पहल स्थानीय निवासियों और कारोबारियों के लिए नए अवसर पैदा करेगी। साथ ही, आने वाली पीढ़ियों के लिए हमारी समृद्ध विरासत को संरक्षित करने और उसे दुनिया के सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।