ओडिशा वर्ष 2027 में एशियाई इंडोर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा। यह फैसला आज एशियन एथलेटिक्स एसोसिएशन की हांगकांग में आयोजित परिषद बैठक में लिया गया। ओडिशा के अलावा, चंडीगढ़ को एशियन रिले 2028 की मेजबानी सौंपी गई है।
ओडिशा को इस प्रतिष्ठित महाद्वीपीय खेल आयोजन की मेजबानी मिलने पर मुख्यमंत्री मोहन माझी ने भारतीय एथलेटिक्स जगत को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह भारत और ओडिशा दोनों के लिए बेहद गर्व का क्षण है।
उन्होंने कहा कि इस उपलब्धि के साथ ओडिशा ने वैश्विक खेल आयोजनों की मेजबानी करने वाले प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। मुख्यमंत्री ने इसे वैश्विक खेल जगत में ओडिशा के ताज में एक और उपलब्धि बताया।
गौरतलब है कि ओडिशा को पहले ही वर्ल्ड एथलेटिक्स इंडोर चैंपियनशिप 2028 की मेजबानी भी मिल चुकी है, जिसका आयोजन विश्वस्तरीय कलिंग स्टेडियम में किया जाएगा।