ओडिशा पुलिस ने म्यूल बैंक खातों और साइबर अपराध में सहयोग करने वालों के खिलाफ राज्य-व्यापी विशेष अभियान ‘ऑपरेशन साइबर कवच’ शुरू किया है। यह अभियान कई जिलों में समन्वित रूप से चलाया जा रहा है और इसका उद्देश्य साइबर अपराधियों के वित्तीय ढांचे को ध्वस्त करना है।
पुलिस महानिदेशक वाईबी खुरानिया के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अब तक 924 म्यूल बैंक खातों का सत्यापन किया गया है, 68 साइबर अपराध मामले दर्ज किए गए हैं और 62 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा संदिग्ध सहयोगियों और खाताधारकों को 218 कानूनी नोटिस जारी किए गए हैं।
यूपीडी कटक ने छह बेनामी बैंक खातों का सत्यापन किया, पांच लोगों को गिरफ्तार किया और चार को कानूनी नोटिस जारी किए। कंधमाल जिले में 35 खातों का सत्यापन कर 12 मामले दर्ज किए गए। बालेश्वर जिले में तीन खातों का सत्यापन, एक मामला दर्ज और चार गिरफ्तारियां हुईं। रायगड़ा जिले में चार खातों का सत्यापन कर तीन मामले दर्ज किए गए।
अंगुल, गंजाम, कलाहांडी, ब्रम्हपुर, बौध, मयूरभंज, केंदुझर, मलकानगिरी, नयागढ़, कटक, सुंदरगढ़ और झारसुगुड़ा जिलों में भी सत्यापन और कार्रवाई की गई।
एसपी और डीसीपी की निगरानी में जिला साइबर टीमों द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान ओडिशा के लोगों के लिए डिजिटल सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है।