वरिष्ठ अधिवक्ता और भाजपा नेता पितबास पंडा हत्याकांड में ब्रम्हपुर पुलिस ने गुरुवार को 396 पन्नों की फाइनल चार्जशीट अदालत में दाखिल कर दी है। इसके साथ ही इस चर्चित हत्याकांड की जांच औपचारिक रूप से पूरी हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, चार्जशीट के साथ डिजिटल साक्ष्यों से जुड़े 16 पेन ड्राइव भी अदालत में जमा किए गए। यह चार्जशीट सरकारी वकील के माध्यम से दाखिल की गई।
सुनवाई के दौरान ब्रम्हपुर के पूर्व विधायक बिक्रम कुमार पंडा के वकील ने चार्जशीट की प्रति मांगी। उनके अधिवक्ता दीपक पटनायक ने कहा कि आने वाले दिनों में उनके मुवक्किल की ओर से फिर से डिस्चार्ज याचिका दायर की जा सकती है। अदालत ने मामले की अगली सुनवाई 4 जुलाई को तय की है। इस मामले में अब तक 16 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें पूर्व बीजेडी विधायक बिक्रम कुमार पंडा और पूर्व मेयर शिव शंकर दास शामिल हैं। एक अन्य आरोपी राजेंद्र कुमार साहू को जमानत मिल चुकी है।
गौरतलब है कि 6 अक्टूबर 2025 की रात ब्रम्हपुर के बैकुंठनगर स्थित आवास के पास अज्ञात हमलावरों ने पितबास पंडा की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया था।
सूत्रों के मुताबिक अंतिम चार्जशीट में गवाहों के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य दस्तावेजी व डिजिटल साक्ष्य शामिल हैं, जो हत्या की साजिश और उसके क्रियान्वयन को साबित करने के लिए पेश किए गए हैं।