चंदका पुलिस ने रविवार को 19 वर्षीय एक युवक को कथित तौर पर किराए की कार की मदद से एक कार खींचकर चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंगुल जिले के तुरंग इलाका निवासी मंदीप चौधरी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, चौधरी को एक अन्य वाहन चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह पिछले महीने ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस के मुताबिक, कार मालिक सुदर्शन नायक की शिकायत पर 12 अगस्त को मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया था कि पिछली रात अंधारुआ स्थित अपने ससुर के घर के बाहर खड़ी उनकी कार चोरी हो गई थी।
चोरी हुई कार कुछ घंटे बाद घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर एक सुनसान सड़क पर लावारिस हालत में मिली।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली, जिसमें पता चला कि चोरी की कार को एक नीले रंग की कार से खींचकर ले जाया गया था। चोरी में इस्तेमाल नीली कार का रजिस्ट्रेशन नंबर काले टेप से ढका गया था, ताकि उसकी पहचान न हो सके।
जोन-6 के एसीपी मानस रंजन प्रधान ने बताया कि उस रात बारिश हो रही थी। हमें शक हुआ कि चालक मिट्टी साफ करने के लिए कार को किसी वॉशिंग सेंटर में ले गया होगा। कई वॉशिंग सेंटरों की जांच के बाद हमें अपराध में इस्तेमाल वाहन के बारे में सुराग मिला और उसके मालिक का पता लगाया गया।
नीली कार के मालिक ने पुलिस को बताया कि उसने वाहन खंडगिरी स्थित एक रेंटल सर्विस को दिया था। इसके बाद जांचकर्ताओं ने वाहन को चौधरी तक ट्रेस किया और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि चोरी की कार में तकनीकी खराबी आने के बाद चौधरी उसे छोड़कर फरार हो गया था।
एसीपी प्रधान ने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि वह इससे पहले भुवनेश्वर में इसी तरह के चार मामलों में शामिल रहा है और उन मामलों में गिरफ्तार भी किया जा चुका है।
पुलिस ने बताया कि यह पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है कि चौधरी शहर में वाहन चोरी की अन्य घटनाओं में भी शामिल था या नहीं।