ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह गुरंडिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत मधुपुर (चिलबांस) के पास एक बस पलट गई। इस हादसे में कम से कम 15 यात्री घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, ‘हंसिका’ नाम की यह बस झारसुगुड़ा से बणईगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे चिलबांस के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस पलट गई। हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, गुरंडिया थाने की पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान चलाकर घायल यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए गुरंडिया अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।