आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 2024 में हुए प्रशिक्षु डॉक्टर के दुष्कर्म और हत्या के मामले में पूर्व तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) विधायक निर्मल घोष को गुरुवार को ओडिशा से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन्हें बालेश्वर जिले के सिमुलिया इलाके में एनएच-16 के किनारे स्थित एक होटल से पकड़ा। पानीहाटी के पूर्व विधायक घोष पर दुष्कर्म और हत्या की शिकार प्रशिक्षु डॉक्टर के शव का “जल्दबाजी में अंतिम संस्कार” कराने में कथित रूप से शामिल होने का आरोप है। उन्हें सबूत नष्ट करने, आपराधिक साजिश रचने और किसी व्यक्ति को उसकी इच्छा के विरुद्ध कार्य करने के लिए मजबूर करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
यह गिरफ्तारी पीड़ित डॉक्टर के पिता की ओर से सोमवार को खरदह थाने में दर्ज कराई गई नई शिकायत के बाद हुई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि घोष उन तीन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने उनकी बेटी के शव का जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कराने के लिए दबाव डाला था।
शिकायत में नामजद अन्य दो लोगों में पानीहाटी नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन सोमनाथ डे और परिवार के पड़ोसी संजीब मुखर्जी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि निर्मल घोष को सड़क मार्ग से पश्चिम बंगाल वापस ले जाया जा रहा है। उन्हें शुक्रवार को उत्तर 24 परगना जिले की बैरकपुर अदालत में पेश किए जाने की संभावना है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी ने रविवार को पानीहाटी में पीड़ित डॉक्टर की स्मृति में आयोजित एक कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए बैरकपुर पुलिस आयुक्त को कथित जल्दबाजी में किए गए अंतिम संस्कार की नए सिरे से जांच शुरू करने का निर्देश दिया था।