कलकत्ता हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति को हरी झंडी

  • Aug 06, 2026
Khabar East:Green-signal-for-the-appointment-of-judges-to-the-Calcutta-High-Court
कोलकाता,06 अगस्तः

कलकत्ता हाई कोर्ट में एक या दो नहीं बल्कि कुल आठ  न्यायाधीशों की नियुक्ति होने वाली है। पिछले करीब दो दशक से अधिक समय में कलकत्ता हाई कोर्ट में इतनी ज्यादा संख्या में न्यायाधीशों की एक साथ नियुक्ति नहीं हुई होगी। 12 मई को केंद्र सरकार के पास सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने हाईकोर्ट के न्यायाधीश पद के लिए नौ वकीलों के नामों की सिफारिश की थी। इनमें से आठ लोगों के नाम पर राष्ट्रपति भवन की मुहर लग गयी है। संभावना जतायी जा रही है कि मंगलवार (11 अगस्त) को सभी नए न्यायाधीश शपथ ग्रहण करने वाले हैं। इन नियुक्तियों की वजह से पिछले लंबे समय से कलकत्ता हाई कोर्ट में काफी हद तक न्यायाधीशों के रिक्त पदों को भरा जा सकेगा।

हाई कोर्ट के न्यायाधीश के तौर पर जिन नामों की मुहर लगायी गयी है उनमें शामिल हैं

आर्यक दत्त, अतरुप बंद्योपाध्याय, संदीप कुमार दे, पार्थप्रतिम राय, सुदीप देव, अनुज सिंह, अर्जुन राय मुखर्जी और रिशाद मेदोरा।

 बता दें, नए न्यायाधीशों के शपथ ग्रहण के बाद कलकत्ता हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की संख्या बढ़कर 49 हो जाएगी। कलकत्ता हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की कुल संख्या 72 होनी चाहिए। पिछले लंबे समय से ही हाई कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर कोशिशें की जा रही हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट में ही अंडामान सर्किट बेंच के साथ-साथ जलपाईगुड़ी सर्किट बेंच भी नियमित रूप से चलता है। वहां 4 न्यायाधीशों को नियमित रूप से 15 दिनों के लिए जाना पड़ता है। इसके साथ ही न्यायाधीशों को पोर्ट ब्लेयर भी भेज दिया जाता है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: