पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत बुद्धदेव भट्टाचार्य की पत्नी मीरा भट्टाचार्य की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा है। बीती रात उन्हें कोलकाता के मल्टीस्पेशियालिटी अस्पताल वुडलैंड्स में भर्ती कराया गया। मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह उनकी कुछ जांच की गई। इसके साथ ही उनके इलाज के लिए एक मल्टीडिसिप्लिनरी मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है। अस्पताल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मीरा भट्टाचार्य की शारीरिक स्थिति फिलहाल स्थिर बतायी जाती है।
जानकारी के मुताबिक मीरा भट्टाचार्य को पिछले 2 सप्ताह से रह-रहकर पेट में दर्द की शिकायत हो रही थी। शुक्रवार की रात अचानक उनके पेट में तेज दर्द शुरू हो गया जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जाता है कि फिलहाल उनकी शारीरिक स्थिति स्थिर है लेकिन कुछ समय तक उन्हें अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में ही रहना पड़ेगा।
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह मीरा भट्टाचार्य के कई मेडिकल टेस्ट करवाए गए। डॉक्टरों की एक टीम उनके स्वास्थ्य पर लगातार नजर रख रही है। अस्पताल में मीरा भट्टाचार्य को नियमित निगरानी में रखा गया है। वुडलैंड्स अस्पताल के मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि मीरा भट्टाचार्य की शारीरिक स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है।