मुख्यमंत्री की प्रशासनिक बैठक में पहुंची टीएमसी सांसद काकोली घोषदस्तीदार

  • May 26, 2026
Khabar East:TMC-MP-Kakoli-Ghoshdastidar-reached-the-administrative-meeting-of-the-Chief-Minister
कोलकाता,26 मईः

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक बैठक कल्याणी में आयोजित की गयी थी। इस बैठक में अचानक तृणमूल सांसद काकोली घोषदस्तीदार पहुंची। बैठक में वह अकेली नहीं बल्कि उनके साथ तृणमूल के तीन विधायक भी पहुंचे। एक तरफ जहां सांसद काकोली घोषदस्तीदार ने बारासात के सांगठनिक जिला सभापति के पद से इस्तीफा दे दिया वहीं दूसरी तरफ उन्हें केंद्रीय बल की सुरक्षा मिलने की जोरदार चर्चाएं हो रही हैं। इस बीच वह शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक सभा में पहुंची जिसके बाद से हर किसी की नजरें उनपर ही टिकी हुई हैं। हालांकि बैठक में शामिल होने से पहले उन्होंने मीडिया को दिए अपने बयान में कहा कि प्रशासन सबका है। यह किसी पार्टी की बैठक नहीं है। प्रशासनिक बैठकों में तो मैं हमेशा आती रहती हूं।

 गौरतलब है कि मंगलवार कल्याणी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की प्रशासनिक बैठक बुलायी गयी थी। एपीजे अब्दुल कलाम प्रेक्षागृह में प्रशासनिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में उत्तर 24 परगना जिले के साथ-साथ नदिया और हुगली जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ ही बारासात लोकसभा केंद्र की सांसद काकोली घोषदस्तीदार भी पहुंची। उनके साथ बैठक में देगंगा के नव-निर्वाचित तृणमूल विधायक अनीसुर रहमान विदेश, स्वरूपनगर की विधायक वीणा मंडल और हाड़वा के विधायक अब्दुल मातिन भी पहुंचे।

 बता दें, हाल ही में तृणमूल की संसदीय पार्टी की मुख्य सचेतक के पद से सुप्रीमो ममता बनर्जी ने उन्हें हटा दिया था। वह जिम्मेदारी श्रीरामपुर के सांसद कल्याण बनर्जी को सौंपी गयी है। इसके बाद ही काकोली घोषदस्तीदार ने सोशल मीडिया पर 'वफादारी का इनाम मिला' पोस्ट किया था, जो काफी चर्चाओं में छा गया था। इसके कुछ दिनों बाद ही उन्होंने पार्टी में अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया।

Author Image

Khabar East

  • Tags: