बिहार के 33 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट

  • May 20, 2026
Khabar East:Thunderstorm-and-rain-alert-issued-in-33-districts-of-Bihar-today
पटना,20 मईः

बिहार में गर्मी से राहत मिलने वाली है। अरब सागर में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य के मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने बिहार के 33 जिलों में तेज आंधी, धूल भरे बवंडर, भारी बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया है। लोगों से ऐसे मौसम में सचेत रहने की अपील की है।

तूफान और वज्रपात का संकट: मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कई दिनों से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा रहा था। तेज धूप ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया था। इस मौसमी बदलाव से चिलचिलाती गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी, लेकिन अपने साथ यह तेज तूफान और आकाशीय बिजली का बड़ा संकट भी ला रहा है।

 मौसम विभाग ने पटना, गया, औरंगाबाद, नवादा, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, समस्तीपुर, वैशाली, सीवान, गोपालगंज, सारण सहित पूर्वी और पश्चिमी चंपारण जैसे 33 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है, जिससे पेड़ों के उखड़ने और बिजली के खंभे गिरने की संभावना है। इस दौरान बारिश भी हो सकती है।

 मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटे पूरे बिहार के लिए बेहद संवेदनशील हैं। किसी भी वक्त मौसम अचानक हिंसक रूप ले सकता है। प्रशासन ने लोगों से पैनिक न होने और मौसम से जुड़ी हर अपडेट पर लगातार नजर रखने की गुजारिश की है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: