पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा पिछले 15 वर्षों से राज्य विधानसभा में इस्तेमाल की जा रही कुर्सी को राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नेता प्रतिपक्ष के कमरे में स्थानांतरित कर दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता शुभेंदु अधिकारी पूर्ववर्ती मुख्यमंत्री की कुर्सी का उपयोग नहीं करेंगे और मुख्यमंत्री कक्ष में उनके लिए एक अलग कुर्सी की व्यवस्था की गई है। नई सरकार के सत्ता संभालने के बाद प्रशासनिक फेरबदल के तहत शुक्रवार रात को ही लकड़ी की कुर्सी को स्थानांतरित कर दिया गया था। अधिकारियों ने बताया कि जिस कमरे में अब ममता बनर्जी की कुर्सी रखी गई है, उसका उपयोग विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष द्वारा किए जाने की उम्मीद है। राज्य के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार पूर्व मुख्यमंत्री के लिए निर्धारित फर्नीचर और आधिकारिक चिह्नों को हटा दिया गया है। नए प्रशासन के लिए आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, ममता बनर्जी के कमरे के बाहर लगी आधिकारिक नामपट्टिका (नेम प्लेट) को भी प्रक्रिया के तहत हटा दिया गया है। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में शुभेंदु अधिकारी से हार गईं। इस बीच, विधानसभा में मुख्यमंत्री के कमरे के बाहर अधिकारी के नाम वाली एक नई नामपट्टिका लगा दी गई है।