बिहार के बांका में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहां बौंसी स्थित एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में पहली कक्षा के छात्र की जान लेने की कोशिश हुई है। उसे गंभीर हालत में भागलपुर स्थित मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घायल छात्र कटोरिया थाना क्षेत्र के जमुआरी गांव का रहने वाला है। वह पहली कक्षा का छात्र है और करीब एक महीने पहले ही उसे पढ़ाई के लिए स्कूल के हॉस्टल में रखा गया था। परिजनों ने बताया कि सोमवार सुबह हॉस्टल प्रशासन की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि बच्चे की तबीयत अचानक खराब हो गई है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां बच्चे की गंभीर हालत देखकर उनके होश उड़ गए। परिजनों का आरोप है कि आनंद के सिर, चेहरे और गले पर गहरे जख्म हैं। उनका कहना है कि बच्चे के सिर पर धारदार हथियार से 20 से अधिक वार किए गए हैं।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे पहले बांका रेफर किया गया।, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए भागलपुर स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) भेज दिया। फिलहाल वह आईसीयू में भर्ती है और ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।