भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सक्रिय मानसून के प्रभाव को देखते हुए 18 जुलाई से राज्य के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। 18 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने बरगढ़, सोनपुर, बौद्ध और बलांगीर जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन पश्चिमी ओडिशा के जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना है। इसके अलावा सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, संबलपुर, देवगढ़, अंगुल, केंदुझर, मयूरभंज, नुआपड़ा, कलाहांडी, कंधमाल और नवरंगपुर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में भी एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
19 जुलाई को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन कई क्षेत्रों में भारी वर्षा जारी रह सकती है। इस दिन सुंदरगढ़, बरगढ़, केंदुझर, मयूरभंज, नुआपड़ा और बलांगीर जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
20 जुलाई को भारी बारिश मुख्य रूप से राज्य के उत्तरी जिलों तक सीमित रहने का अनुमान है। केंदुझर और मयूरभंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है।
21 जुलाई को भी सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, केंदुझर और मयूरभंज जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
संभावित भारी वर्षा को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक एहतियात बरतने की अपील की है।
विभाग ने लोगों को घर से निकलने से पहले अपने मार्ग पर यातायात की स्थिति की जानकारी लेने और प्रशासन द्वारा जारी ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी है।
मौसम विभाग ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने और भारी बारिश के दौरान कमजोर या जर्जर भवनों में नहीं रुकने की भी अपील की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।