पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दर्शन को अधिक सुगम और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार स्लॉट बुकिंग सिस्टम लागू करने की योजना बना रही है। कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि मंदिर प्रशासन ऑनलाइन स्लॉट बुकिंग प्रणाली लागू करने पर सक्रिय रूप से काम कर रहा है। इस व्यवस्था के तहत श्रद्धालु पहले से ही एक निश्चित समय स्लॉट बुक कर सकेंगे और महाप्रभु के दर्शन बिना किसी परेशानी के कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि मौजूदा कतार आधारित दर्शन व्यवस्था और नई स्लॉट बुकिंग प्रणाली दोनों साथ-साथ चलेंगी। जो श्रद्धालु स्लॉट बुक करेंगे, उन्हें निर्धारित समय पर एक अलग होल्डिंग एरिया से दर्शन की सुविधा मिलेगी। इससे मंदिर के अंदर भीड़ और प्रतीक्षा समय में काफी कमी आएगी।
मंत्री ने आगे बताया कि इस स्लॉट बुकिंग सुविधा को शुरुआत में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा। इस संबंध में श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) के साथ चर्चा हो चुकी है। मंदिर प्रबंधन समिति में विचार-विमर्श के बाद इस पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
इसके अलावा, कानून मंत्री ने बताया कि नाट्य मंडप को एयर-कंडीशंड किया जाएगा और इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।