सुवर्णपुर जिले में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के पास से पुलिस ने बुधवार को दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 500 रुपये के 1,695 नकली नोट जब्त किए हैं। बरामद नकली नोटों की कुल कीमत 8,47,500 रुपये बताई गई है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को उस समय पकड़ा जब वे एक एसयूवी में बाजार क्षेत्र में घूम रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से नकली नोट बरामद किए गए। आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की जा रही गाड़ी को भी जब्त कर लिया गया है।
सुवर्णपुर के एसपी नारायण नायक ने बताया कि कई नोटों के सीरियल नंबर एक जैसे होने के कारण इन्हें नकली पाया गया। आरोपियों को मंगलवार को नियमित गश्त के दौरान हिरासत में लिया गया था और जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि एक आरोपी बरगढ़ जिले का रहने वाला है, जबकि दूसरा छत्तीसगढ़ का निवासी है। पुलिस उनके पते की पुष्टि करने और किसी बड़े नकली करेंसी गिरोह से उनके संबंधों का पता लगाने में जुटी है।
आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।