बिहार सरकार ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ी कार्रवाई शुरू की है। कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने पटना स्थित रसायन भवन में गुण नियंत्रण एवं बीज विश्लेषण प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों, आधुनिक उपकरणों और बीज जांच की पूरी प्रक्रिया की समीक्षा की। समीक्षा में बताया गया कि खरीफ (शारदीय) मौसम के लिए 20 हजार बीज नमूनों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले अब तक 11,236 बीज नमूनों का संग्रहण और परीक्षण किया जा चुका है। जांच के दौरान 162 बीज नमूने नकली पाए गए हैं। इन अमानक बीजों की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने के साथ संबंधित बीज कंपनियों और संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
कृषि मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशक उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी नमूनों की जांच वैज्ञानिक और निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष तरीके से की जाए। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने प्रयोगशालाओं में आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक मशीनें उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर कृषि विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों की सेवाएं भी ली जाएंगी, ताकि जांच व्यवस्था को और अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनाया जा सके। सरकार का उद्देश्य नकली और घटिया बीजों पर पूरी तरह रोक लगाकर किसानों के हितों की रक्षा करना है।