केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू बिलासपुर पहुंचे हैं। इस दौरान कार्यकर्त्ताओं ने उनका पूरे जोश के साथ स्वागत किया। तोखन साहू ने कटघोरा डोंगरगढ़ रेल लाइन को लेकर खुशी जताई। वहीं महानदी जल विवाद के जल्द समाधान को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने सीएम हाउस घेराव और रेल प्रोजेक्ट को लेकर कांग्रेस पर भी निशाना साधा। रेलवे प्रोजेक्ट पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री, रेल मंत्री ने छत्तीसगढ़ को एक बड़ी सौगात दी है। कटघोरा डोंगरगढ़ रेल परियोजना की स्वीकृति से बिलासपुर,तखतपुर,मुंगेली,डोंडी,पंडरिया,कवर्धा,राजनांदगांव और डोंगरगढ़ सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इस रेल लाइन के बनने से आवागमन आसान होगा.उद्योग-धंधों को बढ़ावा मिलेगा और व्यापार भी अधिक सुगम होगा। वर्षों से देखा जा रहा एक बड़ा सपना अब साकार होने जा रहा है।
तोखन साहू ने कहा कि महानदी जल विवाद लंबे समय से छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच चला आ रहा है। इस विषय पर हमने केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल से चर्चा की। उनकी पहल पर दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों के बीच बैठक हुई, जिसमें मुझे भी शामिल होने का अवसर मिला। दोनों राज्यों के हितों को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक चर्चा हुई है। हमें विश्वास है कि जल्द ही इसका समाधान निकलेगा। केंद्र,छत्तीसगढ़ और ओडिशा तीनों जगह भाजपा की सरकार है। ट्रिपल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ हर समस्या का समाधान करने के लिए काम कर रही है।