सीएम माझी ने की ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत

  • Aug 09, 2026
Khabar East:CM-Mohan-Majhi-Launches-State-wide-Har-Ghar-Tiranga-Campaign-In-Odisha
भुवनेश्वर,09 अगस्तः

मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने रविवार को राजधानी भुवनेश्वर में राज्यव्यापी हर घर तिरंगाअभियान की शुरुआत की। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना जगाने वाला जन आंदोलन बताया।

अभियान के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा हर भारतीय की पहचान और गौरव है। हमारी एकता किसी भी बाहरी दुश्मन को हरा सकती है। हमारी युवा शक्ति की आवाज के साथ देश सुरक्षित रहेगा। सभी लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराना चाहिए।

 मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि देश तेजी से प्रगति कर रहा है और अब विश्व की अर्थव्यवस्था में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि देश के विकास में ओडिशा की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी युवाओं को हर संभव सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

 कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केवी सिंह देव और प्रबाति परिडा, खेल एवं युवा मामलों के मंत्री सूर्यवंशी सूरज, राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल तथा भाजपा के प्रदेश प्रभारी विजय सिंह तोमर मौजूद रहे।

 अभियान के तहत राज्यभर के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा 60 लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें सभी जिलों में वितरित किया जा रहा है। खेल एवं युवा मामलों के विभाग की ओर से नौ अगस्त को राज्यस्तरीय तिरंगा रैलीआयोजित की जाएगी। इसके अलावा, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलास्तर पर भी तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी।

 मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि 14 अगस्त को ओडिशा साहित्य अकादमी की ओर से जयदेव भवन में राज्यस्तरीय कार्यक्रम आयोजित कर विभाजन विभीषिका स्मृति दिवसमनाया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभाजन के दौरान प्रभावित परिवारों को श्रद्धांजलि दी जाएगी और कैंडल मार्च निकाला जाएगा। सभी जिलों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

 राज्य सरकार ने लोगों से अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और 9 से 15 अगस्त के बीच अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: