राष्ट्रपति के ओडिशा दौरे पर 40 प्लाटून पुलिस बल की रहेगी तैनाती

  • Aug 01, 2026
Khabar East:40-Platoons-To-Be-Deployed-For-Presidents-Odisha-Visit-CP
भुवनेश्वर,01 अगस्तः

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के तीन से पांच अगस्त तक प्रस्तावित तीन दिवसीय ओडिशा दौरे को लेकर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। पुलिस आयुक्त डॉ. सुरेश देवदत्त सिंह ने शनिवार को बताया कि भुवनेश्वर और कटक में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 40 प्लाटून पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मीडिया से बातचीत में पुलिस आयुक्त ने कहा कि भुवनेश्वर-कटक पुलिस आयुक्तालय ने राष्ट्रपति की यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए सभी कार्यक्रम स्थलों, आवागमन मार्गों तथा महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को शामिल करते हुए बहुस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार की है। उन्होंने बताया कि बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन तथा आयुक्तालय पुलिस क्षेत्र के अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और कार्यक्रम स्थलों को जोड़ने वाले सभी मार्गों पर भी कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

 डॉ. सिंह ने कहा कि सभी कार्यक्रम स्थलों और निर्धारित मार्गों पर पुलिस अधीक्षक (एसपी) रैंक के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे, जबकि पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) रैंक के अधिकारी यातायात प्रबंधन और रूट व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे। राष्ट्रपति की आवाजाही पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को हवाई अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी तैनात किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मैं स्वयं पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करूंगा। राष्ट्रपति के दौरे के दौरान अभेद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, राष्ट्रपति की आवाजाही को सुगम बनाने और आम जनता को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए पहले से ही यातायात नियंत्रण और रूट लाइनिंग की विस्तृत योजना तैयार कर ली गई है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु तीन से पांच अगस्त तक ओडिशा दौरे के दौरान भुवनेश्वर और कटक में विभिन्न आधिकारिक कार्यक्रमों में भाग लेंगी। चार अगस्त को वह भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर तक ट्रेन से यात्रा करेंगी।

Author Image

Khabar East

  • Tags: