भाजपा की नई टीम में बैजयंत पंडा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व संबित पात्रा नॉर्थ ईस्ट कोऑर्डिनेटर

  • Aug 17, 2026
Khabar East:BJP-President-Nitin-Nabin-Unveils-New-Team-Baijayant-Panda-Among-Vice-Presidents-Sambit-Patra-NE-Coordinator
भुवनेश्वर,17 अगस्तः

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की टीम की घोषणा की। संगठन में बड़े फेरबदल के तहत ओडिशा के वरिष्ठ नेता बैजयंत जय पडा को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू होंगी। संगठनात्मक फेरबदल में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत और वरिष्ठ नेता राम माधव को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब को राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नबीन का यह पहला बड़ा संगठनात्मक फेरबदल माना जा रहा है। नई टीम में अनुभवी नेताओं, पूर्व मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के प्रमुख नेताओं को शामिल कर क्षेत्रीय संतुलन साधने की कोशिश की गई है।

ओडिशा के लिए बैजयंत जय पांडा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पूर्व सांसद पांडा बीजेपी के प्रमुख राष्ट्रीय चेहरों में शामिल हैं और अब उन्हें पार्टी के केंद्रीय संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, ओडिशा से आने वाले बीजेपी के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा को नॉर्थ ईस्ट कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। यह जिम्मेदारी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। बीजेपी पूर्वोत्तर के आठ राज्यों में अपने संगठन को और मजबूत करने तथा राजनीतिक विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है।

पार्टी ने बीएल संतोष को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) के पद पर बरकरार रखा है। वहीं, शिव प्रकाश और सौदान सिंह राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव (संगठन) के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को पार्टी का राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

राष्ट्रीय महासचिवों की सूची में स्मृति ईरानी, बिप्लब कुमार देब, विनोद तावड़े, सुनील बंसल, सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया शामिल हैं।

बैजयंत पांडा के अलावा डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन नरेंद्रभाई दोशी, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य, एम. नागराजा, प्रो. तारिक मंसूर और मधुचंद्र कर को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा वसुंधरा राजे, तीरथ सिंह रावत और राम माधव भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष होंगे।

पार्टी ने 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की है। इनमें कविता पाटीदार, के. सुरेंद्रन, भोला सिंह, प्रदीप वर्मा, जगदीश ईश्वरभाई पटेल, संदीप पाठक, फांगनोन कोन्याक, संगीता यादव, अनिल एंटनी, डॉ. एम. वेंकटेशन, मनोज तिग्गा, सिद्धार्थ शंभू, डॉ. स्वदेश सिंह, मृगांका देव बर्मन, रोहन गुप्ता और जय प्रकाश शामिल हैं।

पार्टी नेताओं के अनुसार, नई राष्ट्रीय टीम का उद्देश्य संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों को व्यापक प्रतिनिधित्व देना है। ये नियुक्तियां ऐसे समय हुई हैं जब बीजेपी आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारी कर रही है और देशभर में अपने राजनीतिक विस्तार की रणनीति को और धार दे रही है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: