धमतरी की नई एसपी ने संभाला पदभार

  • Jul 13, 2026
Khabar East:Dhamtaris-new-SP-takes-charge
धमतरी,13 जुलाईः

आईपीएस भावना पांडेय ने आज पुलिस अधीक्षक धमतरी के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निवर्तमान पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार (भा.पु.से.) ने विभागीय प्रक्रिया के अनुरूप उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा, संवेदनशील प्रकरणों, चल रहे विशेष अभियानों, सामुदायिक पुलिसिंग तथा विभागीय कार्यप्रणाली से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। पदभार ग्रहण समारोह में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, एसडीओपी सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया तथा उनके नेतृत्व में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा जनोन्मुखी बेसिक पुलिसिंग एवं संवेदनशील पुलिसिंग को नई गति प्रदान करने के लिए पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं टीम भावना के साथ कार्य करने का विश्वास व्यक्त किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परिचय प्राप्त करते हुए कहा कि धमतरी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर त्वरित एवं प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना, पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाना तथा जनता और पुलिस के बीच विश्वास एवं संवाद को और अधिक सशक्त बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अनुशासन, पारदर्शिता, जवाबदेही, संवेदनशीलता एवं सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा एवं आमजन के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाएं।

  पदभार ग्रहण करने के उपरांत पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शाखा प्रभारियों एवं अधिकारी-कर्मचारियों से रूबरू होकर परिचय प्राप्त किया तथा शाखाओं की कार्यप्रणाली, लंबित प्रकरणों, अभिलेखों, कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं दैनंदिन कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, समयबद्ध कार्य निष्पादन तथा कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।

Author Image

Khabar East

  • Tags: