सोमवार की सुबह-सुबह उत्तर दमदम में हुए शूटआउट में कुख्यात राजा दत्त ढेर हो गया जबकि उसके दो साथी बुरी तरह से घायल हो गए हैं। मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह बेलघरिया एक्सप्रेसवे पर खलीसाकोटा इलाके में यह शूटआउट हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गयी। घायलों को बरामद कर आरजी कर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने राजा दत्त को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके दो घायल साथियों का इलाज चल रहा है। इस मामले में पुलिस ने कुछ लोगों का हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। आज सुबह कुख्यात राजा दत्त उत्तर दमदम में बेलघरिया एक्सप्रेसवे के खलीसाकोटा इलाके में अपने दो साथियों के साथ बाइक पर सवार होकर पहुंचा था। इस दौरान उसकी कुछ लोगों के साथ बहसबाजी शुरू हो गयी। बताया जाता है कि राजा दत्त की बंदूक को छीनकर उसे ही गोलियों से छलनी कर दिया गया। उसकी हत्या का आरोप सुमन नामक एक असमाजिक तत्व पर लगाया जा रहा है। दावा किया जा रहा है कि राजा की सुमन के साथ पुरानी दुश्मनी थी ।बताया जाता है कि राजा दत्त को प्वाएंट ब्लैंक रेंज से गोली मारी गयी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर गया। आरोप है कि इसके बाद किसी भारी वस्तु से भी उसपर हमला किया गया था।
पुलिस बेलघरिया एक्सप्रेसवे के उक्त इलाके का सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और इस शूटआउट में शामिल अपराधियों की पहचान करने की कोशिशें की जा रही है। हालांकि इस घटना की वजह से बेलघरिया एक्सप्रेसवे जैसे व्यस्त इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर गहरी चिंता जतायी जा रही है। इलाके के लोगों में डर का माहौल व्याप्त है।