प्रसव पीड़ा से तड़पती गर्भवती को ग्रामीणों ने नदी पार कर पहुंचाया अस्पताल

  • Jul 13, 2026
Khabar East:Villagers-carried-a-pregnant-woman-writhing-in-labor-pain-across-the-river-to-the-hospital
रांची,13 जुलाईः

खूंटी जिले से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की हकीकत को एक बार फिर उजागर कर दिया है। अड़की प्रखंड की तोड़ांग पंचायत के सावमरांगबेड़ा गांव में सड़क और पुल नहीं होने के कारण प्रसव पीड़ा से तड़प रही एक गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने कंधे पर बैठाकर उफनती करकरी नदी पार कराया। इसके बाद उसे किसी तरह अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां सुरक्षित प्रसव कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

 सावमरांगबेड़ा गांव की रहने वाली सोमवारी देवी को रविवार को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। बारिश के कारण करकरी नदी उफान पर थी और गांव का संपर्क मुख्य सड़क से पूरी तरह कट चुका था। एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच सकी। ऐसे में महिला के पति मांगूछाता नाग और गांव के अन्य लोगों ने साहस का परिचय देते हुए सोमवारी देवी को कंधे पर बिठाया और तेज बहाव के बीच पैदल नदी पार कर अस्पताल तक पहुंचाने का जोखिम उठाया। अड़की सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने के बाद प्रभारी चिकित्सक डॉ. निरुपमा लकड़ा की देखरेख में महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉ. निपोलियन केरकेट्टा ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और उनकी स्थिति सामान्य है। डॉक्टरों के अनुसार दोनों को शाम तक घर भेजा जा सकता है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: