महाअष्टमी पर शराब बैन, पंडालों को मिलेगी मुफ्त बिजली

  • Sep 07, 2026
Khabar East:Liquor-ban-on-Maha-Ashtami-pandals-to-get-free-electricity
कोलकाता,07 सितंबरः

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गा पूजा को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। राज्य सरकार कम बजट वाली दुर्गा पूजा समितियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके साथ ही पूजा समितियों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने पूजा आयोजकों से मां दुर्गा की प्रतिमा, पंडाल और थीम के साथ ऐसा प्रयोग नहीं करने की अपील की है, जिससे धार्मिक भावनाएं या सांस्कृतिक विरासत प्रभावित हो।

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूस में डीजे की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि 25 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा है, इसलिए सभी पूजा समितियां इससे एक दिन पहले तक दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा कर लें। दुर्गा पूजा की थीम को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा, 'प्रतिमाओं, पंडालों, थीम या सजावट में ऐसा कुछ न करें, जिससे हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत या लोगों की धार्मिक भावनाओं से समझौता हो।

मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों के लिए कई सहूलियतों की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार दुर्गा पूजा के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराएगी। पूजा आयोजनों के लिए फायर सेफ्टी लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा, हालांकि इसके लिए समितियों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सरकारी आर्थिक मदद को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले सामुदायिक दुर्गा पूजा लोगों से स्वैच्छिक चंदा जुटाकर आयोजित की जाती थी, लेकिन अब सरकारी मदद पर निर्भरता बढ़ गई है।

उन्होंने कहा कि एक अच्छी दुर्गा पूजा आयोजित करने में कम से कम 10 लाख रुपये का खर्च आता है। ज्यादा बजट वाली और आर्थिक रूप से सक्षम पूजा समितियों से सरकारी अनुदान नहीं लेने की अपील की।

सरकार का उद्देश्य उन कम बजट वाली पूजा समितियों की मदद करना है, जिनके लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता के बिना दुर्गा पूजा का आयोजन करना मुश्किल है। ऐसी समितियों को सरकार की ओर से एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ऐलान किया कि राज्य में इस साल महाअष्टमी के दिन शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शराब की दुकानों के साथ-साथ बार भी बंद रहेंगे। वहीं, विसर्जन जुलूसों में डीजे बजाने की अनुमति नहीं देने की बात कही गई है।

Author Image

Khabar East

  • Tags: