लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के अक्टूबर में ओडिशा दौरे पर आने की प्रबल संभावना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने मंगलवार को यह जानकारी दी। भक्त चरण दास ने कहा कि हमने इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है। राहुल गांधी के भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले ‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने की पूरी संभावना है। इसमें करीब 20,000 युवाओं के हिस्सा लेने की उम्मीद है। कार्यक्रम में Gen-Z से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
पीसीसी अध्यक्ष ने कहा कि आगामी पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस राज्य में कई बड़े और व्यापक कार्यक्रम आयोजित करेगी। पार्टी दो अक्टूबर से नवरंगपुर में पदयात्रा शुरू करेगी, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। इन पदयात्राओं की निगरानी समितियों के माध्यम से की जाएगी।
दास ने आगे बताया कि जनवरी और फरवरी के बीच राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री पार्टी के चुनावी अभियान को गति देने के लिए ओडिशा का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में भुवनेश्वर में एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें युवाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।