भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित सभागार में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह का पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान अर्जुन सिंह ने विधिवत किसान मोर्चा के अध्यक्ष के रुप में कार्यभार संभाला। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ। श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। पदभार ग्रहण सह अभिनंदन समारोह को सम्बोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अर्जुन सिंह को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपके नेतृत्व में किसान मोर्चा और मजबूत और सशक्त होगी,इस बात का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि जब किसान विकसित होगा तभी भारत विकसित होगा। जब किसान आत्मनिर्भर होगा तभी भारत आत्मनिर्भर होगा। उन्होंने किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आग्रह करते हुए कहा कि पार्टी को मजबूत करने हेतु हम सब को पार्टी के अधिवक्ता के रूप में काम करना चाहिए और पार्टी के पक्ष को अच्छी तरह से जनता के बीच रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने नारा दिया था जय जवान,जय किसान। उसके बाद अटल बिहारी बाजपेयी ने नारा दिया कि जय जवान,जय किसान और जय विज्ञान और जब नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने नारा दिया कि जय जवान,जय किसान,जय विज्ञान और जय अनुसंधान।
कृषि के क्षेत्र में आज उन्नत खेती और उपज प्राप्त करने के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान की बहुत जरूरत है। भाजपा के शासनकाल में सदैव किसानों के हित में अनेक योजनायें बनाई गई। उन्होंने मोर्चा के अध्यक्ष से 2029के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य में रखकर काम करने और राज्य के किसानों के हित की लड़ाई लड़ते हुए अधिक से अधिक संख्या में उन्हें अपने साथ जोड़ने की बात कही। वहीं नवनियुक्त अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने झारखंड राज्य में गठित किसान मोर्चा की चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा किसान मोर्चा किसानों के हक और अधिकार को लेकर हमेशा आवाज उठाते रहा है।
आज पार्टी ने जो विश्वास उन पर व्यक्त किया है उसके लिए वे आभार प्रकट करते हुए पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने का वे पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि किसानों की कोई जाति नहीं होती है,इस देश में हर नागरिक किसान है। सबसे ज्यादा मेहनत हम किसान मोर्चा को करना होगा। किसान मोर्चा प्रदेश स्तर से लेकर हर बूथ तक पहुंचेगा और किसान मोर्चा को पहले से और अधिक मजबूत करना पहली प्राथमिकता है।